मातृशक्ति की ऐतिहासिक भागीदारी से गूंजा रायपुर, राष्ट्रभक्ति और महिला सशक्तिकरण का अद्भुत संगम
रायपुर, 08 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में “मैं भारत हूं” थीम पर एक भव्य बाइक-स्कूटी रैली का सफल आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक रैली में 2000 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लेकर राष्ट्रभक्ति और नारी शक्ति का शंखनाद किया और यह मातृशक्ति स्कूटी रैली, मै भारत हूं के थीम के साथ अपना नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड मे अपना नाम दर्ज कराया.
रैली का विधिवत शुभारंभ माँ काली मंदिर से हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक वंदे मातरम् गान से हुई। इसके पश्चात अखिल भारतीय धर्मजागरण समंवय कार्यसमिति सदस्य श्री राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव जी एवं भाजपा महिला प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी जी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली का नेतृत्व अनुशासन की प्रतिमूर्ति महिला पुलिस कर्मियों के दस्ते ने किया, जिसके पीछे हजारों की संख्या में तिरंगा लिए मातृशक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा।
इस विशाल आयोजन की मुख्य सूत्रधार और संयोजिका डॉ. भारवि वैष्णव (धर्म जागरण समन्वय प्रांत) एवं सह-संयोजिका डॉ. अनामिका सिंह (स्त्री रोग विशेषज्ञ, पार्षद एवं MIC सदस्य, नगर निगम रायपुर) रहीं।
डॉ. भारवि वैष्णव ने आयोजन की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा, “आज रायपुर की सड़कों पर उमड़ा यह जनसैलाब प्रमाणित करता है कि भारतीय नारी के हृदय में राष्ट्र के प्रति समर्पण सर्वोपरि है। हमारा उद्देश्य केवल रैली निकालना नहीं, बल्कि हर घर में ‘स्व’ और ‘राष्ट्र’ की चेतना जगाना है। हजारों बहनों की यह अनुशासित सहभागिता नए भारत की गौरवशाली तस्वीर है।”
डॉ. अनामिका सिंह ने रैली के प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने कहा, “एक चिकित्सक और जन प्रतिनिधि के रूप में मेरा मानना है कि महिला सशक्तीकरण तभी पूर्ण है, जब नारी मानसिक और सामाजिक रूप से सशक्त हो। आज की रैली ने सिद्ध कर दिया कि महिलाएं समाज की रक्षक और वाहक दोनों हैं।” उन्होंने अनुशासन बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन और स्वयंसेवकों का विशेष आभार व्यक्त किया।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा जी ने कहा कि मातृशक्ति की यह अनुशासित भागीदारी समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को और प्रबल करेगी।
धर्म जागरण समन्वय विभाग के अखिल भारतीय प्रमुख श्री राजेंद्र सिंह जी अपने संबोधन में कहा कि संगठित मातृशक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति और संस्कृति की संरक्षक है।
भाजपा प्रदेश महिला अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी जी ने कहा कि आज की नारी हर क्षेत्र में अग्रणी है और यह आयोजन उस आत्मविश्वास का प्रतीक है।
हाथों में तिरंगा और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्रीराम मंदिर, वीआईपी चौक पर संपन्न हुई। मार्ग में नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। श्रीराम मंदिर के उपाध्यक्ष श्री सुनील रामदास जी एवं बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने भी आयोजन की सराहना की। समापन पर सभी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता की शपथ ली।





