झारखंड ब्यूरो रिपोर्ट | झारखंड पुलिस के मोस्ट वांटेड अपराधी और इंटरनेशनल गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई के दोस्त मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा को अरेस्ट कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उसकी गिरफ्तारी पूर्वी यूरोप और एशिया के बीच बसे देश अजर बैजान से हुई है।
हालांकि, उसके अजर बैजान में पकड़े जाने के मामले में झारखंड पुलिस का कोई भी अधिकारी कुछ नहीं बोल रहा। इस बीच मयंक सिंह ने कथित तौर पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है।
उसमें उसने अपने आपको आजाद बताते हुए लिखा है कि पुलिस मयंक सिंह और सुनील मीणा को एक समझ रही है। जो सही नहीं है। मयंक के इस दावे पर भी पुलिस कुछ भी बोलने से इनकार कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एक केस में फरार रहने की वजह से झारखंड पुलिस ने उसका पासपोर्ट जब्त कर लिया था। इसी मामले में सीबीआई के माध्यम से झारखंड पुलिस ने इंटरपोल के पास मयंक के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने का प्रस्ताव भेजा था।
इसके बाद से उसकी गिरफ्तारी अजर बैजान से हो सकी है। फिलहाल वह इंटरपोल के कब्जे में है। उसे प्रत्यर्पण संधि के तहत झारखंड लाने की तैयारी की जा रही है।