OpenAI ने ChatGPT को ऑनलाइन शॉपिंग और डिजिटल पेमेंट की दुनिया में एक नई भूमिका देने की तैयारी की है। कंपनी ने ChatGPT Wallet पेश किया है, जिसकी मदद से AI एजेंट यूजर्स की ओर से प्रोडक्ट खोजने से लेकर ऑनलाइन खरीदारी और पेमेंट की प्रक्रिया तक संभाल सकेंगे। इस फीचर की सबसे खास बात यह है कि खरीदारी के दौरान AI एजेंट को यूजर के असली क्रेडिट या डेबिट कार्ड की जानकारी नहीं मिलेगी। हर ट्रांजैक्शन से पहले यूजर की मंजूरी और जरूरी सिक्योरिटी जांच अनिवार्य होगी।
क्या है ChatGPT Wallet और कैसे करेगा काम?
ChatGPT Wallet OpenAI का नया डिजिटल पेमेंट फीचर है। इसके जरिए यूजर अपने योग्य पेमेंट कार्ड को वॉलेट में सेव कर सकेंगे। इसके बाद वे ChatGPT के AI एजेंट को किसी प्रोडक्ट की तलाश करने और उसे खरीदने का निर्देश दे सकते हैं।
खरीदारी के दौरान AI एजेंट यूजर की ओर से चेकआउट की प्रक्रिया पूरी करेगा। पेमेंट से पहले स्क्रीन पर प्रोडक्ट की जानकारी, कुल कीमत और इस्तेमाल किए जाने वाले कार्ड का विवरण दिखाया जाएगा। इसके बाद यूजर की मंजूरी मिलने पर ही पेमेंट की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
इस तरह यूजर्स को प्रोडक्ट खोजने, कीमतों की तुलना करने और चेकआउट के लिए अलग-अलग वेबसाइटों पर जाने की जरूरत कम हो सकती है।
Face ID और फिंगरप्रिंट से मिलेगी पेमेंट की मंजूरी
OpenAI ने ChatGPT Wallet में पेमेंट को सुरक्षित बनाने के लिए टोकनाइजेशन तकनीक का इस्तेमाल किया है। आसान भाषा में समझें तो पेमेंट के दौरान यूजर के असली कार्ड नंबर की जगह एक डिजिटल टोकन इस्तेमाल किया जाएगा। इससे AI एजेंट और विक्रेता को कार्ड की वास्तविक जानकारी नहीं मिलेगी।
इसके अलावा, हर खरीदारी से पहले यूजर को Face ID, फिंगरप्रिंट या दूसरे सिक्योरिटी चेक के जरिए अपनी पहचान की पुष्टि करनी होगी। हालांकि, यूजर की मंजूरी मिलने का मतलब यह नहीं है कि ऑर्डर अपने आप कन्फर्म हो जाएगा। ऑर्डर की अंतिम स्वीकृति विक्रेता की प्रक्रिया पर निर्भर करेगी।
Visa, Mastercard और American Express के साथ साझेदारी
ChatGPT Wallet को विकसित करने के लिए OpenAI ने Visa, Mastercard और American Express जैसी प्रमुख पेमेंट कंपनियों के साथ साझेदारी की है। कंपनी के मुताबिक, इस सिस्टम में मौजूदा कार्ड रिवॉर्ड और पात्र विवादों के मामलों में मिलने वाली सुरक्षा सुविधाएं भी बरकरार रहेंगी।
OpenAI का दावा है कि हर हफ्ते 1.2 अरब लोग ChatGPT का इस्तेमाल करते हैं। ChatGPT Wallet के जरिए कंपनी प्रोडक्ट की जानकारी जुटाने, अलग-अलग विकल्पों की तुलना करने और खरीदारी करने की प्रक्रिया को एक ही प्लेटफॉर्म पर लाना चाहती है।
फिलहाल अमेरिका के यूजर्स को मिलेगा फीचर
ChatGPT Wallet की शुरुआत 13 नवंबर 2026 से अमेरिका में सीमित स्तर पर की गई है। शुरुआती चरण में यह 18 साल या उससे अधिक उम्र के ChatGPT Pro सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए योग्य अमेरिकी बैंक द्वारा जारी पेमेंट कार्ड और अमेरिकी बिलिंग एड्रेस जरूरी होगा। फिलहाल भारत में ChatGPT Wallet की उपलब्धता को लेकर कोई आधिकारिक लॉन्च तारीख सामने नहीं आई है। ऐसे में भारतीय यूजर्स को इस फीचर के आने का इंतजार करना होगा।







