BREAKING

ताज़ा खबरदेश दुनिया खबर

ऐसा किसी टीम के साथ ना हो! बारिश हुई और वर्ल्ड कप में एंट्री का सपना टूटा, अब आगे बढ़ने का सिर्फ एक रास्ता

नई दिल्ली: अफगानिस्तान के खिलाफ 5 मैचों की वनडे सीरीज के पहले ही मुकाबले में बारिश के कारण आयरलैंड की सीधे वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीदें पूरी तरह से टूट गईं। ब्रीडी में खेला जाने वाला यह मैच बिना टॉस हुए ही बारिश की भेंट चढ़ गया। इसके साथ ही आईसीसी वनडे रैंकिंग में 12वें स्थान पर मौजूद आयरिश टीम के पास समय सीमा समाप्त होने से पहले रैंकिंग के जरिए मिलने वाला सीधा टिकट हासिल करने का मौका खत्म हो गया है।

अफगानिस्तान के खिलाफ चाहिए थी 5-0 की जीत

मुख्य दौर में जगह बनाने के लिए आयरलैंड को हर हाल में अफगानिस्तान के खिलाफ 5-0 से क्लीन स्वीप की दरकार थी। इसके साथ ही उन्हें यह भी दुआ करनी थी कि 30 सितंबर की कट-ऑफ तारीख से पहले वेस्टइंडीज को भारत के खिलाफ अपने दोनों मैचों में हार मिले। यदि ऐसा होता तो आयरलैंड की टीम अंक तालिका में जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान को पीछे छोड़ते हुए डायरेक्ट क्वालीफिकेशन का स्थान हासिल कर सकती थी लेकिन पहले ही मैच के बेनतीजा रहने से यह रास्ता हमेशा के लिए बंद हो गया।

वर्ल्ड कप क्वालीफायर से करना होगा क्वालीफाई

अब आयरलैंड की टीम को आगामी 2027 वर्ल्ड कप के मुख्य दौर में जगह बनाने के लिए 10 टीमों वाले कठिन वर्ल्ड कप क्वालीफायर टूर्नामेंट के चक्रव्यूह से गुजरना होगा। इस क्वालीफायर टूर्नामेंट की विजेता टीम सीधे 12 टीमों वाले वर्ल्ड कप में प्रवेश करेगी। वहीं, दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को 3 टीमों की सुपर सीरीज खेलनी होगी, जो विश्व कप का पहला दौर है जहां से केवल एक टीम ही मुख्य मुकाबले में आगे बढ़ेगी।

आयरलैंड के लिए रास्ता मुश्किल

10 टीमों के इस क्वालीफायर दौर में आईसीसी के दो निचले पायदान वाले पूर्ण सदस्य देश, क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 की चार टॉप टीमें और क्वालीफायर प्लेऑफ की चार टीमें हिस्सा लेंगी। आयरलैंड के लिए यह राह बेहद चुनौतीपूर्ण होने वाली है क्योंकि पिछली बार भी टीम जिम्बाब्वे में आयोजित 2023 विश्व कप क्वालीफायर के सुपर सिक्स चरण में बाहर हो गई थी और भारत में खेले गए वनडे विश्व कप में जगह नहीं बना पाई थी।

Related Posts