मुंबई: भारत के सीनियर बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार को तुरंत प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को यह कहकर अलविदा कह दिया कि आगे बढने का सही समय आ गया है। भारत के लिए 2013 में पदार्पण करने वाले 38 वर्ष के रहाणे ने 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 खेले हैं। वह 2023 में वेस्टइंडीज में टेस्ट श्रृंखला के बाद भारत के लिये नहीं खेले हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा- मुझे आज लग रहा है कि आगे बढने का सही समय है इसलिये मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और सभी प्रारूपों से विदा ले रहा हूं।’ रहाणे ने 2024-25 सत्र में मुंबई टीम की कप्तानी की थी। आइए जानें उन प्लेयर्स के बारे में, जो अजिंक्य रहाणे की तरह ही संन्यास ले सकते हैं…
ईशांत शर्मा: 2021 में खेला था आखिरी टेस्ट मैच
कभी भारतीय टीम के बैकबोन रहे ईशांत शर्मा फिलहाल आईपीएल में ही नजर आते हैं। लंबे समय तक अपनी तेज गेंदबाजी से दुनियाभर के दिग्गजों को परेशान करने वाला यह खिलाड़ी आखिरी बार 2021 में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैच खेलते नजर आया था। उसके बाद से वह भारतीय टीम में जगह नहीं बना सके हैं। दमदार रिकॉर्ड वाले लंबे कद का यह तेज गेंदबाज अब शायद ही टीम इंडिया में वापसी करे। 37 साल के ईशांत के नाम टेस्ट में 311 और वनडे में 115 विकेट हैं।
उमेश यादव: विदर्भ एक्सप्रेस में अब वो बात नहींविदर्भ एक्सप्रेस नाम से मशहूर उमेश यादव पाटा पिच पर भी विकेट निकालने में सक्षम माने जाते हैं, लेकिन तेजी से इंटरनेशनल क्रिकेट में आई युवाओं की फौज संग रेस में वह पिछड़ते गए। 2023 से इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेल सके हैं। आईपीएल करियर भी कुछ खास नहीं चल रहा। समय के साथ अब उनकी रफ्तार और धार दोनों में कमी देखने को मिली है। अगर वह जल्द ही रिटायरमेंट का ऐलान कर दें तो हैरानी नहीं होनी चाहिए। उनके नाम 170 टेस्ट और 106 वनडे विकेट हैं।
करुण नायर: तिहरा शतक और फिर पटरी से उतर गया करियरकरुण नायर भारत के लिए तिहरा शतक लगा चुके हैं। डोमेस्टिक क्रिकेट में धमाकेदार रिकॉर्ड रखने वाले करुण नायर की इंटरनेशनल क्रिकेट करियर में लंबे समय बाद दमदार वापसी भी हुई, लेकिन वह कुछ खास नहीं कर सके। रिजल्ट यह रहा कि वह फिर टीम इंडिया से बाहर चले गए। हाल फिलहाल का माहौल और उभरते हुए सितारों की फौज को देखकर उनकी वापसी अब लगभग असंभव लगती है। 34 साल के करुण नायर ने 10 टेस्ट मैच खेले, जिसमें एक तिहारा शतक शामिल रहा।
जयदेव उनादकत: वापसी हुई, पर फिर हो गए टीम इंडिया से बाहर
जसप्रीत बुमराह के दौर में किसी भी तेज गेंदबाज के लिए टीम इंडिया में ठहरना मुश्किल है। अगर उसे टीम में रहना है तो लगातार परफॉर्म करना होगा। जयदेव उनादकत ने लगभग 10 साल बाद टीम इंडिया में वापसी की, लेकिन फिर वह बाहर हो गए। 2023 में आखिरी इंटरनेशनल मैच खेलने वाले जयदेव के दिन अब लद से गए हैं। माना जा रहा है कि उनका इंटरनेशनल करियर भी खत्म है।
मयंक अग्रवाल: सबसे अनलकी खिलाड़ी
मयंक अग्रवाल सबसे अनलकी खिलाड़ियों में शामिल हैं। कभी चोट ने उन्हें बाहर किया तो कभी फॉर्म ने। अब टीम इंडिया में वापसी मुश्किल लग रही है। आईपीएल करियर भी ट्रैक से उतरा हुआ है। मिडिल ऑर्डर के धांसू बल्लेबाज रहे मयंक अगर कभी अचानक रिटायरमेंट का ऐलान कर दें तो हैरानी नहीं चाहिए।






