BREAKING

ताज़ा खबरदेश दुनिया खबर

चाइना ओपन में भारत को मिली मिली-जुली खबर, लक्ष्य और आयुष आगे, सिंधु बाहर

चीन के चांगझौ में चल रहे चाइना ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में पुरुष एकल में लक्ष्य सेन ने जापान के ‘युशी तनाका’ को 22-20, 15-21, 21-14 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। बुधवार को खेले गए इस पूरे मैच में लक्ष्य सेन और युशी तनाका के बीच ये मुकाबला कुल 53 मिनट तक चला, जिसमें शुरुआत से अंत तक बेहद उतार-चढ़ाव देखने को मिले।

अब लक्ष्य का प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबला आज ही यानी गुरुवार, 23 जुलाई 2026 को दोपहर में खेला जाएगा, जिसमें उनका सामना कनाडा के ‘विक्टर लाई’ से होगा।

मैच की शुरुआत काफी बराबरी की रही, लेकिन जापानी शटलर युशी तनाका ने अपनी आक्रामक गति से नेट पर बढ़त बना ली। गेम के अंत में जापानी खिलाड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए 20-19 का स्कोर कर लिया और उनके पास पहला गेम जीतने का सुनहरा मौका था यहां भारत के नंबर-1 खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने जबरदस्त धैर्य दिखाया। उन्होंने लगातार 3 बैक-टू-बैक पॉइंट्स हासिल किए और तनाका के मुंह से जीत छीनकर पहला गेम 22-20 से अपने नाम कर लिया।

पहले गेम की करीबी हार के बाद तनाका ने दूसरे गेम में अपनी पूरी ताकत झोंक दी। उन्होंने शुरुआत से ही रैलियों की गति तेज रखी और लक्ष्य को कोर्ट पर काफी दौड़ाया। तनाका ने लगातार अंक बटोरे और जल्द ही 6 गेम पॉइंट्स की बड़ी बढ़त हासिल कर ली । लक्ष्य इसमें से सिर्फ एक ही पॉइंट बचा पाए और तनाका ने ये गेम 21-15 से जीतकर मैच को 1-1 की बराबरी पर लाकर खड़ा किया।

तीसरे और आखिरी गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच एक-एक अंक के लिए लंबी रैलियां देखने को मिलीं। मिड-गेम इंटरवल के ठीक बाद तनाका ने वापसी की थोड़ी कोशिश की और मोमेंटम हासिल करना चाहा, लेकिन लक्ष्य सेन ने यहीं से मैच की दिशा बदल दी। उन्होंने लगातार तीन जबरदस्त और विस्फोटक स्मैश लगाए, जिसने जापानी खिलाड़ी को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।

लक्ष्य ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बनाते हुए तनाका को मुश्किल में डालते रहे। उन्होंने तनाका की बढ़ती घबराहट और गलतियों का बखूबी फायदा उठाया और आसानी से गेम 21-14 से जीतकर प्री-क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने पहले दौर में शानदार फॉर्म जारी रखते हुए चाइना ओपन 2026 के दूसरे दौर में जगह बना ली थी। जापान ओपन का खिताब जीतने के बाद सिंधु ने पहले दौर में युवा भारतीय खिलाड़ी उन्नति हुड्डा को 21-14, 9-21, 21-10 से हराया। 56 मिनट तक चले मुकाबले में सिंधु ने पिछले साल इसी टूर्नामेंट में मिली हार का बदला भी पूरा कर लिया।

चाइना ओपन का दूसरा दौर आज सुबह 8:30 बजे खेला गया जिसमे सिंधु का सामना चीन की पूर्व ओलंपिक चैंपियन ‘चेन युफेई’ से हुआ। इस मुकाबले में पीवी सिंधु चेन युफेई से 21-16, 20-22, 18-21 से हारकर चाइना ओपन 2026 से बाहर हो गईं है। सिंधु ने इस गेम में 4 मैच पॉइंट्स गंवाए। आपको बता दें कि ‘चेन युफेई’ वहीं खिलाड़ी है जिसके साथ पिछले हफ्ते हुए जपान ओपन मुकाबले में सिंधु का सेमीफाइनल मैच हुआ था। आज 89 मिनट तक चले इस कड़े मुकाबले में चेन ने पिछले हफ्ते हुई अपनी हार का बदला लेते हुए भारत की सिंधु को मात दे दी।

युवा भारतीय शटलर आयुष शेट्टी ने टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए इंडोनेशिया के वर्ल्ड नंबर-11 ‘अल्वी फरहान’ को 21-17, 5-21, 21-17 से हराया। ये जीत आयुष के लिए खास रही क्योंकि 2023 जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में उन्हें फरहान के खिलाफ हार मिली थी। इस बार उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए हिसाब बराबर कर लिया।इस महा-उलटफेर के बाद आयुष शेट्टी का प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबला आज ही यानी गुरुवार, 23 जुलाई 2026 को दोपहर में होने वाला है। ये मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1:10 बजे शुरू होगा। अंतिम-16 के इस मुकाबले में आयुष शेट्टी का सामना आयरलैंड के खिलाड़ी ‘न्हात गुयेन’ से होगा। अगर आयुष आज का मैच भी जीत जाते हैं, तो वे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर जाएंगे।

Related Posts