जयपुर में मिस टीन दिवा 2026 के ग्रैंड फिनाले का मंच जब रोशनी से नहाया, तो देश को न सिर्फ नई विजेता मिलीं, बल्कि एक ऐसा रिकॉर्ड भी बना जिसने पूरे नॉर्थ-ईस्ट का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। मेघालय की रहने वाली ऐश्वर्या मलंग के सिर पर जैसे ही ‘मिस टीन अर्थ इंडिया 2026’ का ताज सजा, पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
यह पहला मौका है जब नॉर्थ-ईस्ट की किसी खूबसूरत और होनहार बेटी ने इस नेशनल स्टेज पर सबसे बड़ा मुकाम हासिल किया है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद अब ऐश्वर्या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद कठिन था, जहां देश भर से आई प्रतिभागी अपनी किस्मत आजमा रही थीं। लेकिन नॉर्थ-ईस्ट की ऐश्वर्या मलंग ने अपने आत्मविश्वास और सूझबूझ से जजों का दिल जीत लिया।
पूर्वोत्तर की सुंदरी ने जयपुर में कैसे रचा इतिहास
मिस टीन दिवा के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब पूर्वोत्तर भारत की किसी प्रतिभागी को इस खिताब को अपने नाम किया है। मंच पर उनकी इस कामयाबी को हर किसी ने सराहा। प्रतियोगिता के आयोजक और ग्लैम आनंद सुपरमॉडल के डायरेक्टर निखिल आनंद ने भी इस पल को ऐतिहासिक बताया। निखिल आनंद ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह वाकई एक यादगार और गौरवशाली क्षण है जब नॉर्थ-ईस्ट की किसी प्रतिभागी ने मुख्य खिताब अपने नाम किया है।
NEET की परीक्षा और पेजेंट का अनोखा सफर
ऐश्वर्या की यह जीत केवल उनकी खूबसूरती की नहीं, बल्कि उनके परिश्रम की भी कहानी है। उन्होंने बताया कि इस मुकाम को हासिल करने के लिए उन्हें दो बार नीट जैसी कठिन परीक्षा से गुजरना पड़ा। एक तरफ डॉक्टरी की पढ़ाई के लिए देश की सबसे मुश्किल परीक्षाओं में से एक की तैयारी और दूसरी तरफ नेशनल लेवल के ब्यूटी पेजेंट का दबाव संभालना आसान नहीं था। ऐश्वर्या को कई बार उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ा।
सफलता के बाद युवाओं को दिया बेहद खास संदेश
खिताब जीतने के बाद ऐश्वर्या अपनी इस कामयाबी से बेहद उत्साहित हैं। ऐश्वर्या ने देश के तमाम युवाओं और अपने फैंस के लिए एक बहुत ही प्रेरणादायक बात कही है। ऐश्वर्या का मानना है कि हर इंसान को वही काम करना चाहिए जो उसे दिल से पसंद हो।
ऐश्वर्या ने कहा कि अगर आप जिंदगी में कुछ हासिल करना चाहते हैं, तो बिना झिझक के आगे बढ़िए। जब आप पूरे मन से आगे कदम बढ़ाते हैं, तो दुनिया की कोई भी ताकत आपको अपने सपने पूरे करने से नहीं रोक सकती।
ग्लोबल स्टेज पर अब इन 3 चेहरों से चमकेगा भारत
जयपुर में आयोजित हुई इस प्रतियोगिता ने केवल एक नहीं, बल्कि 3 ऐसी होनहार बेटियां दी हैं जो दुनिया के अलग-अलग कोनों में भारत का नाम रोशन करेंगी। ऐश्वर्या मलंग जहां ‘मिस टीन अर्थ’ के वैश्विक मंच पर तिरंगा लहराएंगी, वहीं उनके साथ 2 और प्रतिभागी भी इंटरनेशनल लेवल पर देश का मान बढ़ाने वाली हैं।
प्रतियोगिता में नॉर्थ-ईस्ट की स्निग्धा भुयान को ‘मिस टीन ग्रैंड इंडिया 2026’ के खिताब से नवाजा गया है। इसके अलावा प्रासुसी ने ‘मिस टीन यूनिवर्स इंडिया 2026’ का ताज अपने नाम किया है। अब इन तीनों ही विजेताओं पर दुनिया के सामने भारत की साख और संस्कृति को बेहतरीन तरीके से पेश करने की एक बड़ी जिम्मेदारी होगी।






