जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में बांग्लादेश को बड़ा झटका लगा है। टीम के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास हैमस्ट्रिंग चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। इसी वजह से उन्हें पूरी वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह 24 वर्षीय बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज परवेज हुसैन इमोन को टीम में शामिल किया गया है।
लिटन दास पहले वनडे मुकाबले में भी चोट के कारण नहीं खेल पाए थे। उनकी मैच में ना होने के कारण बांग्लादेश की टीम केवल 116 रनों पर ही ऑल आउट गई थी।उम्मीद थी कि वो अगले मैचों तक फिट होकर वापसी करेंगे, लेकिन फिटनेस टेस्ट में वो जरूरी मानकों पर खरे नहीं उतर सके। इसके बाद टीम प्रबंधन ने उन्हें बाकी दोनों मुकाबलों से भी बाहर रखने का फैसला लिया। अब वो ढाका में रहकर अपनी रिकवरी पर ध्यान देंगे।
बांग्लादेश टीम के फिजियो बायजेदुल इस्लाम खान ने लिटन की रिपोर्ट देखते हुए बताया कि लिटन दास अभी मैच खेलने की स्थिति में नहीं हैं। लगातार दो वनडे मुकाबले होने के कारण उनके जल्द फिट होने की संभावना भी कम दिखाई दे रही है। ऐसे में बांग्लादेश टीम ने कोई जोखिम नहीं लेते हुए उन्हें पूरी सीरीज से बाहर रखने का फैसला किया है।
लिटन दास की गैरमौजूदगी में युवा बल्लेबाज परवेज हुसैन इमोन को दूसरे और तीसरे वनडे खेलने का मौका मिला है। इमोन ने अब तक अपने छोटे से वनडे करियर के 3 मैचों में 36.00 के रन रेट से 108 रन बनाए हैं, जिसमें श्रीलंका टीम के खिलाफ खेली गई 67 रनों की एक शानदार अर्धशतकीय पारी भी शामिल है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 35 T20I मैचों में एक शतक और 3 अर्धशतक लगाने वाले इस आक्रामक बल्लेबाज के लिए वनडे फॉर्मेट में खुद को साबित करने का ये एक बेहतरीन अवसर होगा।
जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में चल रहे इस वनडे मुकाबले में पहले मैच में हार झेल चुकी बांग्लादेश की टीम अब ODI सीरीज बचाने के इरादे से दूसरे मुकाबले में उतरेगी। दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे 9 जुलाई यानी आज खेला जाएगा। अगर बांग्लादेश ये मुकाबला हार जाता है तो जिम्बाब्वे सीरीज अपने नाम कर लेगा, जबकि बांग्लादेश टीम के लिए जीत हासिल करना बेहद जरूरी होगा।






