BREAKING

ताज़ा खबरदेश दुनिया खबर

यूपी में गर्मी से बढ़ी डिमांड, लेकिन बिजली संकट में पावर प्लांट भी विलेन, अनेक यूनिट कई-कई दिन बंद

यूपी में भीषण गर्मी के बीच बिजली की डिमांड अब तक के सबसे अधिकतम स्तर पर पहुंच चुकी है। रविवार को डिमांड ने पिछले साल का भी रिकार्ड तोड़ दिया। बढ़ती डिमांड के बीच पूरे यूपी में बिजली संकट बना हुआ है। लोग सड़कों पर उतरे हुए हैं। इस बिजली संकट का कारण केवल डिमांड और वितरण लाइनों में गड़बड़ियां ही नहीं हैं। इतनी डिमांड के बाद भी कई तापीय बिजली परियोजनाएं कई-कई दिनों के लिए बंद रहीं। ये पावर प्लांट यूपी और अन्य राज्यों में लगे हैं। पावर कॉरपोरेशन ने इनसे बिजली खरीद का करार किया है। जानकारों के मुताबिक इन पावर प्लांट के बंद होना भी राज्य में अघोषित बिजली कटौती का बड़ा कारण है।

तापमान काफी ज्यादा है। इसके अलावा लू चल रही है। ऐसे हालात में बिजली की मांग काफी बढ़ गई है। दिन और रात में बिजली की मांग एक जैसी बनी हुई है। 22 मई को अब तक के इतिहास में एक दिन में सबसे ज्यादा बिजली, 669 मिलियन यूनिट आपूर्ति की गई। जब मांग इस कदर बढ़ी हुई तो पावर प्लांट का बंद होना सवालिया निशान खड़े कर रहा है। बिजली उत्पादन इकाइयों के रखरखाव, कोयला प्रबंधन और सिस्टम क्षमता विस्तार में लापरवाही के कारण प्रदेश की जनता को अघोषित बिजली कटौती झेलनी पड़ रही है।

राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा कहते हैं कि पावर प्लांट कई-कई दिनों तक बंद रहने की वजह से हजारों मेगावॉट बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ और ग्रामीण इलाकों में भारी बिजली कटौती करनी पड़ी। इसे किसी भी सूरत में लापरवाही से कम नहीं माना जा सकता। वह कहते हैं कि यह हकीकत सामने आने के बाद अधिकतम मांग के आंकड़ों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अगर पावर प्लांट चलते और बिजली की ज्यादा उपलब्धता होती तो अधिकतम मांग का आंकड़ा और ऊपर जाता। उपभोक्ता परिषद ने बंद पड़ी उत्पादन इकाइयों को तत्काल चालू करने की मांग की है।

यूपी में बिजली की अधिकतम मांग का बीते साल का रिकॉर्ड रविवार देर रात टूट गया। रात दस बजे के बाद 31,774 मेगावॉट मांग दर्ज की गई। बीते साल अधिकतम मांग जून की उमस में 31,486 मेगावॉट दर्ज की गई थी। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि, कोई माने या न माने यूपी देश में सबसे ज्यादा बिजली आपूर्ति करने वाला राज्य है। अपना पिछला कीर्तिमान तोड़ते हुए अधिकतम मांग का नया रिकॉर्ड बनाया गया है। उन्होंने कहा कि हो सकता है रात में ही मांग का यह आंकड़ा 32 हजार को पार कर जाए।

ये प्लांट मई में रहे बंद

प्लांट क्षमता बंद रहा

घाटमपुर 660 मेगावॉट 18 दिन

ललितपुर 660 मेगावॉट 11 दिन

जेएसडब्ल्यू महानदी (केएसके) 1000 मेगावॉट 10 दिन

ओबरा-बी 200 मेगावॉट 9.5 दिन

ओबरा-सी 660 मेगावॉट 8 दिन

अनपरा-डी 500 मेगावॉट 6.5 दिन

जवाहरपुर 660 मेगावॉट 4 दिन

अनपरा 210 मेगावॉट 4 दिन

लैंको 600 मेगावॉट 3 दिन

पारिछा 250 मेगावॉट 3 दिन

खुर्जा 660 मेगावॉट 1 दिन

Related Posts