BREAKING

छत्तीसगढताज़ा खबर

केएल राहुल ने तोड़ा एबी डिविलियर्स का बड़ा रिकॉर्ड, इस लिस्ट में कोहली और शिखर धवन से भी निकले आगे

आईपीएल 2026 के 62वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने बेहतरीन दमदार खेल से राजस्थान रॉयल्स (RR) को 5 विकेट से हराया। यह मुकाबला अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था। इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को जीत दिलाने में केएल राहुल ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई। केएल राहुल ने 42 गेंदों में 56 रनों की दमदार पारी खेली। केएल राहुल ने अपनी इस पारी के दौरान एबी डिविलियर्स का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा।

केएल राहुल राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आईपीएल में सबसे ज्यादा 50 से अधिक रनों की पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। केएल राहुल ने आरआर के खिलाफ 9वीं बार 50 से अधिक रन बनाए। इससे पहले, यह रिकॉर्ड एबी डिविलियर्स के नाम था, जिन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 8 बार 50 से अधिक रनों की पारी खेली थी।

लिस्ट में शिखर धवन और विराट कोहली का भी नाम

इस लिस्ट में शिखर धवन और विराट कोहली 7 नंबर के साथ तीसरे नंबर पर काबिज है। राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 194 रनों के लक्ष्य दिया था। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को अभिषेक पोरेल और केएल राहुल ने शानदार शुरुआत की। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 10.1 ओवर में 105 रन स्कोर बोर्ड पर जड़े।

राहुल अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने 42 गेंदों का सामना किया। इस दौरान केएल राहुल ने 1 चौके और 3 छक्कों की मदद से 56 रन बनाए। वहीं, अभिषेक ने 31 गेंदों में 51 रनों का योगदान दिया। अक्षर पटेल ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंदों में 34 रनों की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा आशुतोष शर्मा ने 5 गेंदों में नाबाद 18 रन बनाते हुए डीसी को 19.2 ओवर में 5 विकेट से जीत दिलाई।

राजस्थान रॉयल्स की पारी

इससे पहले, राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 193 रन लगाए। आरआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और यशस्वी जायसवाल महज 12 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, वैभव सूर्यवंशी अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने 21 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 46 रन बनाए।

वहीं, ध्रुव जुरेल ने 40 गेंदों में 53 रनों की शानदार पारी खेली। कप्तान रियान पराग ने सिर्फ 26 गेंदों का सामना करते हुए 51 रन बनाए। अपनी इस पारी के दौरान रियान ने 3 चौके और 5 छक्के लगाए। गेंदबाजी में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मिचेल स्टार्क ने 40 रन देकर 4 विकेट निकाले, जबकि लुंगी एनगिडी ने 24 रन खर्च करके 2 विकेट झटके।

Related Posts