Vijay Deverakonda Birthday: विजय देवरकोंडा साउथ सिनेमा के एक बड़े एक्टर हैं. उनकी फैन फॉलोइंग न सिर्फ साउथ में बल्कि नॉर्थ इंडिया में भी है. अपने 15 सालों के करियर में उन्होंने खूब नाम कमाया है. साल 2011 में आई तेलुगु फिल्म Nuuvila से उन्होंने अपने एक्टिंग सफर का आगाज किया था. उसके बाद उन्होंने कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक के बाद एक फिल्मों के जरिए लोगों के दिलों में खास जगह बनाते चले गए. साल 2017 में आई ‘अर्जुन रेड्डी’ ने उन्हें सुपरस्टार बना दिया.
विजय देवरकोंडा ने अपने अब तक के करियर में खूब दौलत भी कमाई है. रिपोर्ट की मानें तो उनकी नेटवर्थ 70 करोड़ रुपये है. हैदराबाद के जुबली हिल्स जैसे पॉश एरिया में उनका आलीशान घर है, जिसकी कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये के आसपास है. उनके पास BMW जैसी लग्जरी गाड़ियां भी हैं. आज वो आलीशान जिंदगी जीते हैं. हालांकि, यहां तक पहुंचने के लिए विजय ने काफी मेहनत की है. एक समय पर तो उनकी हालत ऐसी थी कि वो 500 रुपये भी मैनेज नहीं कर पाए थे.
आज यानी 9 मई को विजय देवरकोंडा का बर्थडे है. वो 37 साल के हो चुके हैं. उनके जन्मदिन के मौके पर चलिए वो किस्सा जानते हैं कि जब उन्हें 500 रुपये की वजह से दिक्कतों का सामना करना पड़ा था. एक इंटरव्यू में विजय ने बताया था कि शुरुआत में एक्टिंग प्रोजेक्ट पाने के लिए उन्हें काफी स्ट्रगल करना पड़ा था. जब वो लगभग 25 साल के थे उस समय वो अपने बैंक अकाउंट में 500 रुपये का फिक्स मिनिमम अमाउंट भी नहीं रख पाते थे. मिनिमम बैलेंस न मेंटेन करने की वजह बैंक वालों ने उनका खाता बंद कर दिया था.
उस समय उनके पिता ने उन्हें एक ऐसी नसीहत दी थी, जिसने उनकी जिंदगी बदल दी. विजय के पिता ने उनसे कहा था कि वो 30 साल की उम्र से पहले सेटल हो जाएं. तब वो अपनी जिंदगी आराम से जी पाएंगे. विजय ने पिता की इस बात को गांठ बांध लिया था. आज वो एक टॉप के एक्टर हैं और उनके पास किसी भी चीज की कोई कमी नहीं है.
पर्सनल लाइफ की बात करें तो विजय ने इसी साल फरवरी में रश्मिका मंदाना से शादी की है. रश्मिका भी फिल्मी दुनिया का एक बड़ा नाम हैं. वो भी तकरीबन 66 करोड़ रुपये की संपत्ति की मालकिन हैं. दोनों खुशी-खुश अपनी जिंदगी जे रहे हैं.






