BREAKING

उत्तर प्रदेशताज़ा खबर

यूपी कॉलेज में दिनदहाड़े छात्र की हत्या

वाराणसी के यूपी कॉलेज में शुक्रवार को दिनदहाड़े बीएससी के एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे कैंपस में सनसनी फैल गई। बाइक से आए हमलावर ने छात्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गया। जाते समय वह पिस्टल और कारतूस वहीं फेंक गया।

गंभीर रूप से घायल छात्र को तुरंत ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सूर्य कुमार सिंह (23) के रूप में हुई है, जो गाजीपुर का रहने वाला था और बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर का छात्र था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर का नाम मंजीत बताया जा रहा है, जो उसी यूपी कॉलेज का छात्र है। घटना कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय में हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी ने छात्र पर करीब आठ गोलियां चलाईं चार सीने में और चार कनपटी पर, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

छात्रों के मुताबिक, सूर्य कुमार सिंह कॉलेज हॉस्टल में रहता था और आरोपी मंजीत से उसका किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। फायरिंग के दौरान आरोपी ने दो हवाई फायर भी किए, जिससे कैंपस में अफरातफरी मच गई।

घटना के बाद गुस्साए छात्रों ने कॉलेज का गेट बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का आरोप है कि आरोपी ने प्रिंसिपल के सामने फायरिंग की। प्रदर्शन के दौरान कुछ जगहों पर तोड़फोड़ भी की गई।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे कॉलेज परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया। यूपी पुलिस के अधिकारियों ने छात्रों को शांत कराने की कोशिश की और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Posts