गुजरात के अहमदाबाद में टी20 वर्ल्ड कप जीत के जश्न के दौरान क्रिकेटर हार्दिक पांड्या द्वारा राष्ट्रीय ध्वज का कथित तौर पर अपमान किये जाने को लेकर एक वकील ने महाराष्ट्र के पुणे स्थित एक थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वकील ने हार्दिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। यह शिकायत पुणे के वकील वाजेद खान बिडकर ने दर्ज कराई है, जिन्होंने मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में क्रिकेटर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए एक लिखित आवेदन दिया।
शिकायत के अनुसार, टूर्नामेंट जीतने के बाद भारतीय टीम के मैदान पर जश्न मनाने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। ऐसे ही एक वीडियो में, पांड्या मैदान पर नाचते और दौड़ते हुए, कंधे पर तिरंगा लपेटे जश्न मनाते दिख रहे हैं। शिकायत करने वाले ने आरोप लगाया है कि जश्न के दौरान, पांड्या अपनी गर्लफ्रेंड के साथ स्टेज पर लेटे हुए दिखे, जबकि उनके कंधे पर तिरंगा अभी भी लपेटा हुआ था, जो कथित तौर पर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है।
एडवोकेट वाजिद खान ने ANI को बताया, “आपने यहां T20 वर्ल्ड कप देखा होगा। हार्दिक पंड्या अपनी जीत के जश्न में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ नाच रहे थे। उनकी पीठ पर राष्ट्रीय ध्वज बंधा हुआ था… 1971 के नेशनल फ्लैग एक्ट के सेक्शन 2 के अनुसार, हमें राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का सम्मान करना चाहिए। हालांकि, हार्दिक पांड्या अपनी जीत के जश्न में इतने खो गए थे कि वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ राष्ट्रीय ध्वज पहने हुए लेटे हुए थे… मेरा मानना है कि यह राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है।”
उन्होंने आगे कहा, “मैंने शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। जब मैं शिकायत दर्ज कराने गया, तो उन्होंने मुझे बताया कि घटना वहां हुई, यहां नहीं। इसलिए मैंने उनसे कहा कि राष्ट्रीय ध्वज पूरे देश का प्रतीक है, और हम शिवाजी नगर पुलिस में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने मान लिया है।
खान ने कहा, “मेरी शिकायत की और मुझे एक कॉपी दी। देखते हैं आगे क्या होता है। मैंने शिकायत दर्ज कर दी है।”





