देश के दोपहिया बाजार में Suzuki Motorcycle India ने फरवरी 2026 में दमदार प्रदर्शन करते हुए बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। कंपनी की कुल बिक्री सालाना आधार पर 37% बढ़ी है, जो मौजूदा ऑटो बाजार के लिए मजबूत संकेत माना जा रहा है। फरवरी 2026 में कंपनी ने 1,23,299 यूनिट्स की बिक्री की, जबकि फरवरी 2025 में यह आंकड़ा 89,966 यूनिट्स था।
भारतीय बाजार में Suzuki की पकड़ और मजबूत हुई है। घरेलू बिक्री 38% बढ़कर 1,01,071 यूनिट्स तक पहुंच गई, जो पिछले साल इसी महीने 73,215 यूनिट्स थी। यह बढ़ोतरी दर्शाती है कि मिडिल और लोअर मिडिल क्लास ग्राहकों के बीच कंपनी के स्कूटर और बाइक्स की मांग तेजी से बढ़ रही है। निर्यात के मोर्चे पर भी कंपनी पीछे नहीं रही। विदेशी बाजारों में बिक्री 33% बढ़कर 22,228 यूनिट्स रही, जबकि एक साल पहले यह 16,751 यूनिट्स थी।
सिर्फ गाड़ियों की बिक्री ही नहीं, कंपनी के स्पेयर पार्ट्स डिवीजन ने भी शानदार प्रदर्शन किया। फरवरी 2026 में इस विभाग से 893.6 मिलियन रुपये की आय दर्ज की गई, जो सालाना आधार पर 18% ज्यादा है। कंपनी के सेल्स और मार्केटिंग के वाइस प्रेसिडेंट दीपक मुत्रेजा ने कहा कि फरवरी 2026 का प्रदर्शन ग्राहकों और डीलर पार्टनर्स के भरोसे का नतीजा है। उन्होंने कहा कि कंपनी लगातार राइडर्स के साथ जुड़कर ग्राहकों को असली परिस्थितियों में सुजुकी टू-व्हीलर का अनुभव करने का मौका देती है। आगे भी कंपनी ग्राहकों से जुड़ाव बढ़ाने और रोजमर्रा की यात्रा के लिए बेहतर उत्पाद और सेवाएं देने पर ध्यान देगी।
फरवरी में कंपनी ने अपने स्कूटर लाइनअप को अपडेट करते हुए Suzuki Access में सिंगल-चैनल ABS सिस्टम जोड़ा। यह फीचर खासतौर पर सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है। रिटेल नेटवर्क को मजबूत करते हुए देहरादून में कनक सुजुकी डीलरशिप शुरू की गई, जबकि सिक्किम के गंगटोक में पहली डीलरशिप खोली गई। अब ब्रांड की मौजूदगी देश के सभी राज्यों में हो चुकी है।
हैदराबाद में आयोजित Suzuki Matsuri Festival में 3,700 से ज्यादा राइडर्स और ग्राहक शामिल हुए। कंपनी ने कोलकाता में Anime India 2026 में भी भाग लिया। साथ ही देशभर में Suzuki Motofest कैंपेन चलाया गया। कोलकाता, हैदराबाद, कोझिकोड और नागपुर में GIXER पिट स्टॉप इवेंट हुए। वडोदरा में V-Strom एक्सपीरियंस डे और अंगुल व रूपनगर में Suzuki Access माइलेज कॉन्टेस्ट आयोजित किए गए। स्पष्ट है कि कंपनी सिर्फ बिक्री नहीं, बल्कि ग्राहकों के साथ मजबूत रिश्ता बनाने पर भी जोर दे रही है।





