बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राज्यसभा के सदस्य बनेंगे। उन्होंने खुद अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (X) पर इसकी जानकारी साझा की है। नीतीश कुमार ने लिखा कि इस बार वे राज्यसभा के चुनाव में सदस्य बनने की इच्छा रखते हैं।
कल से ही नीतीश के राज्यसभा सदस्य बनने के लिए नामांकन दाखिल करने की चर्चाएं तेज थीं, और अब मुख्यमंत्री ने इसे आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है। इस फैसले के साथ ही नीतीश कुमार का पिछले 21 साल से लगातार संभाले हुए बिहार के मुख्यमंत्री पद से हटने का रास्ता भी साफ हो गया है।
नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने को लेकर पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।
संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूँ। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूँ।
मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।
बिहार में सियासी परिदृश्य पूरी तरह बदल गया है। पिछले कई दिनों से कयास लगाए जा रहे थे कि नीतीश कुमार राज्यसभा जा सकते हैं। शुरुआत में उनके बेटे निशांत कुमार के राज्यसभा जाने की ही चर्चा थी, लेकिन बुधवार को अचानक नीतीश कुमार का नाम सामने आया। अब मुख्यमंत्री ने खुद इस फैसले की पुष्टि कर दी है। वहीं, बिहार में मुख्यमंत्री का पद अब भाजपा (BJP) के हाथ में जाने वाला है। पार्टी जल्द ही नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर सकती है।





