होली के रंगों से खेलना जितना मजेदार है सोफे पर लगे उनके पक्के दागों को छुड़ाना उतना ही सिरदर्द। अक्सर लोग डरते हैं कि रगड़ने से सोफे का फैब्रिक खराब हो जाएगा। लेकिन आपके किचन में ऐसी दो जादुई चीजें मौजूद हैं जो बिना नुकसान पहुंचाए दागों का काम तमाम कर देंगी।
होली के रंगों की मस्ती के बीच अक्सर घर का फर्नीचर खासकर सोफा खराब हो जाता है। मेहमानों के बैठने या बच्चों के दौड़ने से सोफे पर गुलाल और पक्के गीले रंगों के निशान पड़ जाते हैं। अगर आप भी महंगे सोफे को ड्राई क्लीनिंग के लिए भेजने का मन बना रहे हैं तो रुकिए आप अपने किचन के सामान से ही इसे मिनटों में साफ कर सकते हैं।
सफेद सिरका और लिक्विड सोप
अगर सोफे पर गहरा दाग लग गया है तो सफेद सिरका सबसे असरदार है।
कैसे करें इस्तेमाल
एक कप गुनगुने पानी में दो चम्मच सिरका और एक चम्मच लिक्विड डिश सोप मिलाएं।
एक सफेद साफ कपड़े को इस घोल में भिगोएं और दाग वाली जगह पर हल्के हाथों से थपथपाएं। रगड़ें बिल्कुल नहीं क्योंकि रगड़ने से रंग रेशों के अंदर तक चला जाता है। सिरके का एसिड रंग को ढीला कर देता है और सोप उसे बाहर निकाल देता है।
बेकिंग सोडा
अगर सोफे पर सूखा गुलाल गिरा है तो उसे सीधे हाथ से न झाड़ें। इससे रंग और फैल सकता है।
कैसे करें इस्तेमाल
दाग वाली जगह पर अच्छी मात्रा में बेकिंग सोडा छिड़क दें। इसे 20-30 मिनट के लिए छोड़ दें। बेकिंग सोडा रंग की नमी और पाउडर को सोख लेता है। इसके बाद वैक्यूम क्लीनर या सॉफ्ट ब्रश की मदद से इसे साफ कर लें।
जिद्दी दागों के लिए रबिंग अल्कोहल
यदि रंग बहुत पक्का है तो आप रबिंग अल्कोहल का उपयोग कर सकते हैं। रुई के एक फाहे में अल्कोहल लेकर दाग पर लगाएं। यह केमिकल बॉन्ड को तोड़कर रंग को सोख लेता है।
सावधानी जरूर बरतें
कोई भी नुस्खा पूरे सोफे पर आजमाने से पहले उसे सोफे के पीछे या किसी छिपे हुए छोटे हिस्से पर टेस्ट जरूर करें ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कपड़े का रंग तो नहीं निकल रहा।





