BREAKING

ताज़ा खबर

ED के बाद CBI के ‘चक्रव्यूह’ में फंसे अनिल अंबानी, घर और दफ्तर पर पड़ा छापा, अब किस मामले में हुआ एक्शन?

उद्योगपति अनिल अंबानी के खिलाफ जांच एजेंसी सीबीआई ने नई एफआईआर दर्ज की है, यह मामला बैंक ऑफ़ बड़ौदा से लिए गए लोन से जुड़ा हुआ है, जांच एजेंसी का आरोप है कि आरकॉम और उससे जुड़ी कंपनियों ने 2013 से 2017 के बीच बैंक को करीब 2 हजार 220 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया।

सीबीआई के अनुसार, बैंक ऑफ़ बड़ौदा की शिकायत के बाद केस दर्ज किया गया है। जैसे ही एफआईआर दर्ज हुई वैसे ही अनिल अंबानी के ठिकानों और रिलायंस कम्युनिकेशंस के दफ्तर की तलाशी ली गई, इस दौरान बैंक से लिए गए लोन के सभी दस्तावेजों को जब्त किया गया।एजेंसी का दावा है कि लोन के अमाउंट को बैंक की शर्तों के मुताबिक इस्तमाल ना करते हुए, अन्य कंपनियों में इस्तेमाल किया गया।

बैंक का आरोप है कि आरकॉम और उसकी पार्टनर कंपनियों जिसमें रिलायंस इंफ्राटेल लिमिटेड और रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड शामिल है, इन कंपनियों ने मिलकर 31 हजार 580 करोड़ रुपये का कर्जा लिया था। जिसमें बैंकों के अलावा वित्तीय संस्थान भी शामिल हैं।

इसमें सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस रकम में से 6 हजार 265 करोड़ रुपये दूसरे बैंकों का कर्ज चुकाने में लगाए गए और 5 हजार 501 करोड़ रुपये अन्य संबंधित पक्षों को ट्रांसफर किए गए और करीब 3 हजार करोड़ रुपये एफडी और म्यूचुअल फंड में इन्वेस्ट किए गए, आरोप तो यह भी है कि इन निवेशों को जल्द ही भुना लिया गया और रकम को आगे ट्रांसफर कर दिया गया।

बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अनिल अंबानी के घर अबोड को जब्त कर लिया है। यह कुर्की बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के बाद हुई, जब्त किया गया घर अबोड 3,716 करोड़ रूपये का बताया जा रहा है इसके अलावा अब तक अनिल अंबानी की 15 हजार करोड़ की संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।

Related Posts