साल 2011 में रिलीज हुई हॉरर ड्रामा फिल्म रागिनी MMS ने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी। इसके बाद 2014 में इसका सीक्वल रागिनी MMS 2 आया, जिसमें सनी लियोनी मुख्य भूमिका में नजर आईं और फिल्म ने बोल्ड कंटेंट और हॉरर के मिश्रण से काफी सुर्खियां बटोरीं। अब खबर है कि फ्रेंचाइज़ी का तीसरा भाग ‘रागिनी MMS 3’ भी बन सकता है, लेकिन इस बार कास्ट में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रागिनी MMS 3’ के लिए तमन्ना भाटिया और जुनैद खान के नाम पर चर्चा चल रही है। जुनैद खान, जो आमिर खान के बेटे हैं, अगर इस प्रोजेक्ट से जुड़ते हैं तो यह उनकी बड़ी कमर्शियल फिल्मों में से एक हो सकती है। वहीं तमन्ना भाटिया का नाम जुड़ने से फिल्म को स्टार पावर मिल सकती है। यदि यह जोड़ी फाइनल होती है, तो दोनों पहली बार स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। हालांकि, अब तक मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सनी लियोनी के फ्रेंचाइज़ी से बाहर होने की खबर ने फैंस को थोड़ा चौंकाया है, क्योंकि ‘रागिनी MMS 2’ में उनकी मौजूदगी फिल्म की यूएसपी मानी गई थी। ऐसे में तीसरे पार्ट में उनका ना होना दर्शकों के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। निर्देशन की बात करें तो खबरें हैं कि पहली फिल्म के निर्देशक शशांक घोष इस बार भी कमान संभाल सकते हैं। पहले इस प्रोजेक्ट से साहिर रजा का नाम जुड़ा था, लेकिन शेड्यूल संबंधी दिक्कतों के चलते उन्होंने फिल्म से दूरी बना ली। इसी वजह से फिल्म की घोषणा और शूटिंग में देरी भी बताई जा रही है।
‘रागिनी MMS’ की कहानी एक कपल के इर्द-गिर्द घूमती है, जो फार्महाउस पर छुट्टियां मनाने जाता है और वहां उनके साथ रहस्यमयी घटनाएं घटती हैं। इस फिल्म में राजकुमार राव और कैनाज मोतिवाला मुख्य किरदार में नजर आए थे। इसके बाद साल 2014 में इस फिल्म का सीक्वल ‘रागिनी MMS 2’ आया था, जिसमें सनी लियोनी, साहिल प्रेम, संध्या मृदुल, कैनाज मोतिवाला नजर आए थे। ये फिल्म पहली फिल्म के ही आगे की कहानी थी। अब देखना दिलचस्प होगा कि तीसरा भाग किस नई कहानी और किस नए ट्विस्ट के साथ दर्शकों के सामने आता है।





