भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले दो हफ्तों के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के दो विपरीत रूप देखने को मिल रहे हैं। दक्षिण भारत के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, वहीं उत्तर और मध्य भारत कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। बंगाल की खाड़ी में साल का पहला गहरा दबाव बन गया है। वर्तमान में यह दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है और इसके 9 जनवरी की शाम या रात तक श्रीलंका के तट को पार करने की संभावना है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु में 9 और 10 जनवरी को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। केरल में भी 10 जनवरी को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों विशेषकर गंगा के मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा और ठंड का प्रकोप जारी है। आईएमडी ने बताया है कि पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 9 जनवरी तक ‘बेहद घना कोहरा’ छाए रहने का अनुमान है। इसके बाद भी 15 जनवरी तक रुक-रुक कर कोहरा बना रहेगा। बिहार, हरियाणा और ओडिशा में भी अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय घने कोहरे की चेतावनी दी गई है।
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 9 से 11 जनवरी के दौरान शीतलहर चलने की प्रबल संभावना है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी 9 और 10 जनवरी को कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। उत्तराखंड में 10 जनवरी और मेघालय में 9 जनवरी को पाला पड़ने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, जनवरी के दूसरे उत्तरार्ध में भी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम है। पूर्वी और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है, जिससे शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और बारिश सामान्य से कम होने का अनुमान है।





